जमशेदपुर: शहर की सड़कों पर तेज और कर्कश आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. बढ़ते ध्वनि प्रदूषण को देखते हुए बिष्टुपुर ट्रैफिक थाना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक आठ ऐसे दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई की गई है, जिनमें निर्धारित मानकों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे.


ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती है. खासकर बुजुर्गों, मरीजों और विद्यार्थियों को ऐसी कर्कश आवाज से अधिक परेशानी होती है. इसी को देखते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में दोपहिया वाहनों की जांच की जा रही है.
जांच के दौरान ऐसे वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जिनके मूल साइलेंसर को बदलकर अधिक आवाज करने वाले साइलेंसर लगाए गए हैं. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसर का ही इस्तेमाल करने की अपील की है. साथ ही स्पष्ट किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर तेज आवाज करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ शहर में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण स्थापित करना है. ऐसे में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर चलने वाले वाहन चालकों की मुश्किलें आने वाले दिनों में बढ़ सकती हैं.

