जामताड़ा: पुलिस अब फरार अपराधियों के साथ साइबर ठगों के खिलाफ अभियान और तेज करेगी. बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में एसपी शम्भु कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों, वारंट निष्पादन और साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा की गई.


अगस्त माह की कार्रवाई की समीक्षा में बताया गया कि जिले में कुल 286 वारंटों का निष्पादन किया गया. वहीं विभिन्न मामलों में वांछित 35 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
एसपी ने गंभीर अपराधों में फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने और स्थायी सहित अन्य लंबित वारंटों का तेजी से निष्पादन करने का निर्देश दिया. महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के साथ जेल से हाल में रिहा हुए अपराधियों की गतिविधियों पर भी नजर रखने को कहा गया.
साइबर अपराधियों पर बढ़ेगा दबाव
साइबर अपराध के लिए कुख्यात रहे जामताड़ा में पुलिस अब साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई और तेज करेगी. एसपी ने सूचना तंत्र मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और लगातार छापेमारी कर साइबर अपराध में शामिल लोगों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
अपराध नियंत्रण के लिए बैंक, एटीएम, ज्वेलरी दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के साथ अलग-अलग स्थान और समय पर एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाने को कहा गया. इसकी निगरानी संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस निरीक्षक करेंगे.
एसपी ने पुलिस-पब्लिक संबंध मजबूत करने तथा लोगों की शिकायतों पर त्वरित विधिसम्मत कार्रवाई का भी निर्देश दिया. साथ ही साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, महिला अपराध, बाल विवाह और डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया.
अपराध गोष्ठी के बाद पुलिस केंद्र में आयोजित पुलिस सभा में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सामूहिक समस्याएं भी सुनी गईं. एसपी ने संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

