कुकड़ू: प्रखंड के पांडरा गांव में सोमवार को धान के खेत में काम करने के दौरान हुए वज्रपात में दो महिलाओं की मौत और अन्य के घायल होने की घटना के बाद बुधवार को ईचागढ़ विधायक सविता महतो पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचीं. उन्होंने मृतका मुक्ता महतो और सोनामनी महतो के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया.


विधायक सविता महतो ने कहा कि वज्रपात की इस दुखद घटना से वह काफी मर्माहत हैं. इस कठिन समय में वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी हैं. उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए मृतकों के आश्रितों को सरकार की ओर से मिलने वाली मुआवजा राशि जल्द उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पहल करने को कहा.
विधायक ने वज्रपात में घायल महिलाओं के परिजनों से भी मुलाकात की और अस्पताल में इलाजरत घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा.
इस दौरान विधायक सविता महतो ने मृतकों और घायलों के परिजनों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की. साथ ही सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि जल्द दिलाने का भरोसा दिया.
मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष कित्तीवास महतो, हरिकृष्ण महतो, निरंजन महतो, सपन महतो, इंद्र महतो, धीरज महतो, रशीद अंसारी, प्रकाश महतो, अमर महतो सहित पार्टी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

