रांची/ खरसावां: कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (CPA) झारखंड शाखा का प्रतिनिधिमंडल 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए विदेश दौरे पर रवाना हो गया है. प्रतिनिधिमंडल में खरसावां विधानसभा क्षेत्र के विधायक दशरथ गागराई भी शामिल हैं. यह सम्मेलन राष्ट्रमंडल देशों के सांसदों एवं विधायकों के बीच संसदीय लोकतंत्र, सुशासन और जनकल्याणकारी नीतियों पर विचार एवं अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण मंच है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य सम्मेलन से पूर्व स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में आयोजित प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यक्रम में प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा. इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में आयोजित मुख्य सम्मेलन में शिरकत करेगा. यहां विभिन्न देशों के सांसद, विधायक, संसदीय विशेषज्ञ और नीति निर्माता समसामयिक वैश्विक एवं संसदीय विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे.
सम्मेलन में लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने, सतत विकास, युवाओं की भागीदारी, लैंगिक समानता, जलवायु परिवर्तन, डिजिटल प्रशासन और संसदीय परंपराओं के सुदृढ़ीकरण जैसे विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है.
विदेश दौरे पर रवाना होने से पूर्व विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में झारखंड का प्रतिनिधित्व करना और इसमें खरसावां की भागीदारी होना गौरव की बात है. विभिन्न देशों की संसदीय कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं और जनहितकारी नीतियों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा. सम्मेलन से प्राप्त अनुभवों और सुझावों का उपयोग झारखंड में विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को और प्रभावी बनाने में किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है. अंतरराष्ट्रीय मंचों पर संवाद से नई सोच, अनुभव और बेहतर कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिलता है, जिसका लाभ अपने राज्य और विधानसभा क्षेत्र में भी मिल सकता है.
प्रतिनिधिमंडल में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो, विधायक मथुरा प्रसाद महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हैं. खरसावां विधायक दशरथ गागराई की इस अंतरराष्ट्रीय संसदीय सम्मेलन में सहभागिता को क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

