जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल की बेटी प्रीति महतो ने संस्कृत ऑनर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. मंगलवार को जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की मौजूदगी में उन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया.


जमशेदपुर के एक्सएलआरआई सभागार में आयोजित दीक्षांत समारोह में विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कुल 54 छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया. करीब 1990 छात्राओं को डिग्री एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए. स्वर्ण पदक हासिल करने वाली छात्राओं में ईचागढ़ प्रखंड के चोगा निवासी प्रीति महतो भी शामिल रहीं. प्रीति समाजसेवी सह आजसू नेता हरेलाल महतो के चचेरे भाई अमित महतो की पत्नी हैं. उनकी उपलब्धि से मायके और ससुराल पक्ष के साथ ईचागढ़ एवं चांडिल क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
किसान परिवार की बेटी ने मेहनत से हासिल किया मुकाम
प्रीति के पिता गुणाधर महतो किसान हैं, जबकि माता सुगामनी महतो गृहिणी हैं. उन्होंने प्राथमिक शिक्षा से दसवीं तक की पढ़ाई शहीद अजीत धनंजय महतो शिक्षा निकेतन, चोगा से की. इसके बाद महिला कॉलेज, चाईबासा से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की. उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में संस्कृत ऑनर्स में स्नातक किया और 77 प्रतिशत अंक हासिल किए. इसी उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए उन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया. प्रीति डीएलएड की डिग्री भी हासिल कर चुकी हैं और वर्तमान में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय से संस्कृत विषय में एमए की पढ़ाई कर रही हैं.
शादी के बाद भी नहीं रुकी पढ़ाई
प्रीति का विवाह वर्ष 2025 में अमित महतो के साथ हुआ. विवाह के बाद वह चांडिल के धातकीडीह स्थित ससुराल में रहते हुए अपनी उच्च शिक्षा जारी रखे हुए हैं. पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच पढ़ाई जारी रखते हुए स्वर्ण पदक हासिल करना उनकी उपलब्धि को और खास बनाता है. प्रीति की सफलता ने यह संदेश भी दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और परिवार के सहयोग से विवाह के बाद भी उच्च शिक्षा के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. उनकी उपलब्धि से ईचागढ़ के साथ पूरे चांडिल अनुमंडल में हर्ष और गर्व का माहौल है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

