जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पारडीह में रविवार तड़के हुए सड़क हादसे में मृत बाइक सवार युवक की पहचान हो गई है. मृतक की पहचान करीब 20 वर्षीय रोहित दास, पिता स्वर्गीय काजल दास के रूप में हुई है. वह सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे का रहने वाला था.


जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 5 बजे पारडीह इलाके में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
बताया जा रहा है कि रोहित संगीत से जुड़ा कलाकार था. वह गिटार समेत अन्य वाद्य यंत्रों का प्रशिक्षण देता था और बच्चों एवं युवाओं को संगीत सिखाता था. उसकी असमय मौत की खबर से परिवार, परिचितों और स्थानीय कलाकारों में शोक की लहर है.
पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान में जुटी है. इसके लिए घटनास्थल एवं आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज समेत अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई जा रही है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

