जमशेदपुर: शहर में वाहनों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर शनिवार सुबह वाहन मालिकों का आक्रोश फूट पड़ा. भुइयांडीह इलाके में एक वाहन से सीलिंग वायर चोरी होने की घटना के बाद बड़ी संख्या में वाहन मालिक सड़क पर उतर आए. नाराज लोगों ने गोलमुरी से मानगो की ओर जाने वाली सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.


बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे भुइयांडीह इलाके में खड़े एक वाहन का सीलिंग वायर चोरी कर लिया गया. सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद वाहन मालिकों में नाराजगी बढ़ गई. उनका आरोप है कि इलाके में वाहनों से सामान चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन इन पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है.
वाहन मालिक बोले- लगातार हो रहा आर्थिक नुकसान
प्रदर्शन कर रहे वाहन मालिकों का कहना था कि वाहनों से वायर एवं अन्य सामान चोरी होने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. वाहन खड़ा करने के बाद भी सामान की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से प्रभावित इलाकों में गश्त और निगरानी बढ़ाने के साथ चोरी करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की.
विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम के कारण गोलमुरी से मानगो की ओर आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. इससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
वाहन मालिकों ने चेताया कि चोरी की घटनाओं पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो उनकी परेशानी और बढ़ेगी. फिलहाल उनकी मांग है कि पुलिस मामले की जांच कर चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करे और भुइयांडीह समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए.

