गम्हरिया: जनकल्याण दुर्गापूजा समिति, ट्रेनिंग मोड़ की ओर से निर्मित भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का शुक्रवार को आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया. इस अवसर पर समाजसेवी सुरेश सिंह, ब्रजेश पति तिवारी, प्रकाश कुमार और भगवान सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं पूजा समिति के सदस्य मौजूद रहे.


उद्घाटन के बाद थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने मां दुर्गा के चरणों में माथा टेककर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की. उन्होंने श्रद्धालुओं से दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण, आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की.
उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देती है. पूजा जैसे धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं.
1981 से चली आ रही दुर्गा पूजा की परंपरा
पूजा समिति के संरक्षक सोनू सिंह ने बताया कि ट्रेनिंग मोड़ पर वर्ष 1981 से प्रत्येक वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है. इस वर्ष भी पूजा को लेकर समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं.
मौके पर समिति के अध्यक्ष मंटू सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष लक्की कुमार, उपाध्यक्ष राजू सिंह व पंकज सिंह, सचिव गुड्डू पांडेय, सौरव सिन्हा, आजाद कुमार, कोषाध्यक्ष जितेंद्र साह, शंकर यादव, नंद किशोर, अनिल प्रसाद और अरविंद सिंह समेत समिति के सदस्य उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

