सरायकेला: डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो पर बरवाअड्डा थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक रवि कुमार के साथ कथित गाली-गलौज, अमर्यादित भाषा के प्रयोग और धमकी देने के आरोप को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन की सरायकेला-खरसावां शाखा ने कड़ी नाराजगी जताई है. एसोसिएशन ने कथित घटना की निंदा करते हुए झारखंड पुलिस एसोसिएशन केंद्रीय कार्यालय, रांची की ओर से की जा रही कार्रवाई का पूर्ण समर्थन करने की घोषणा की है.


एसोसिएशन के लिखित बयान के अनुसार 21 अगस्त की रात विधायक द्वारा बरवाअड्डा थाना प्रभारी को व्हाट्सऐप कॉल किए जाने और इस दौरान नौकरी बर्बाद करने तथा ऑफ ड्यूटी सबक सिखाने की कथित धमकी देने का आरोप है. इसके बाद विधायक के समर्थकों के साथ थाना पहुंचने और थाना प्रभारी से कथित दुर्व्यवहार किए जाने की बात भी कही गई है. बयान में थाना कार्यालय के सामान को नुकसान पहुंचाने तथा मामले में विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने का भी उल्लेख किया गया है.
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से भी पुलिसकर्मियों को लेकर अमर्यादित भाषा वाले वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं. संगठन का कहना है कि इससे पूरे राज्य के पुलिसकर्मियों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंची है.
सरायकेला-खरसावां पुलिस एसोसिएशन ने केंद्रीय कार्यालय की ओर से विधायक एवं मामले में कथित रूप से शामिल लोगों की गिरफ्तारी को लेकर दिए गए अल्टीमेटम का समर्थन किया है. साथ ही कहा है कि केंद्रीय संगठन की ओर से आगे लिए जाने वाले निर्णय के साथ जिला शाखा खड़ी रहेगी. एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप खलखो और सचिव कुमुद प्रसाद राणा ने कहा कि पुलिसकर्मियों के सम्मान और गरिमा से जुड़े इस मामले में संगठन पूरी तरह एकजुट है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

