लातेहार: जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब आधारभूत संरचनाओं पर भी दिखाई देने लगा है. महुआडांड़- डालटनगंज मुख्य मार्ग पर ग्राम राजडंडा के समीप राजडंडा नदी पर बना पुल शनिवार देर शाम तेज बारिश और नदी के बढ़े जलस्तर के कारण क्षतिग्रस्त हो गया. इससे इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है.


स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार नदी में अचानक तेज बहाव आने से पुल के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा है. पुल में क्षति दिखाई देने के बाद वाहन चालकों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है. यह मार्ग महुआडांड़ और डालटनगंज को जोड़ने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने और आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. लगातार बारिश की स्थिति में पुल को और नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई जा रही है. प्रशासन ने लोगों से पुल पार करते समय विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक जोखिम नहीं लेने की अपील की है. फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

