जामताड़ा: साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जामताड़ा साइबर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है. साइबर डीएसपी अमित रविदास ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि साइबर थाना कांड संख्या 69/25 में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.


पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचिंगो निवासी जैकी कुमार मंडल, पिता रघुनाथ मंडल तथा पिण्डारी गांव निवासी मोहम्मद अंसारी उर्फ गुलाम असारी, पिता मरहूम रखाल मियां को गिरफ्तार किया.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बैंक ग्राहकों को केवाईसी अपडेट कराने का झांसा देकर उनके बैंक खाते और एटीएम से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल करते थे. इसके बाद प्राप्त बैंकिंग विवरण का इस्तेमाल कथित तौर पर साइबर ठगी के लिए किया जाता था.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों के साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुट गई है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है और इस गिरोह में उनके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं. पुलिस बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की जांच कर रही है. जांच के दौरान साइबर ठगी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिलने की संभावना है.
साइबर डीएसपी अमित रविदास ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि केवाईसी अपडेट के नाम पर फोन करने वाले किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक खाता संख्या, एटीएम की जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें. किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक की जानकारी तत्काल पुलिस को दें.
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा.
रिपोर्ट. मनीष बरनवाल

