सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्य सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ यातायात नियमों के तहत कार्रवाई के उद्देश्य से शुक्रवार को यातायात थाना प्रभारी राजू के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया.


अभियान के दौरान पाया गया कि कई ट्रक एवं भारी वाहन खराब होने के कारण मुख्य सड़क पर खड़े रहते हैं. विशेषकर रात के समय ऐसे वाहनों में पर्याप्त प्रकाश या सिग्नल की व्यवस्था नहीं होने के कारण पीछे और सामने से आने वाले वाहन चालकों को दूर से खड़े वाहन का पता नहीं चल पाता है. इससे सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिन ब्रेकडाउन वाहनों को तत्काल सड़क से हटाना संभव नहीं था, उनके आगे, पीछे एवं दोनों तरफ रेडियम/ रिफ्लेक्टिव टेप लगाया गया. इसका उद्देश्य दूर से आने वाले वाहन चालकों को खराब वाहन की स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई देना है, ताकि वे समय रहते सावधानी बरत सकें.
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन खराब होने की स्थिति में उसे यथासंभव सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें. इसके साथ ही आवश्यक रूप से हैजार्ड लाइट, पार्किंग लाइट एवं रिफ्लेक्टिव संकेतक का प्रयोग करें. इससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में मदद मिलेगी. यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है.

