जमशेदपुर : घाटशिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 1.81 किलोग्राम गांजा और 11.73 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है. इसके अलावा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक हुंडई आई-10 कार और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.


ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि घाटशिला थाना क्षेत्र के राजस्टेट स्थित पुराने अनुमंडल कार्यालय (राजबाड़ी) के खंडहर भवन में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी. इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार मुंडा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और तीन लोगों को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्टेट निवासी दिनेश सिंह, धोबीपाड़ा निवासी तुषार सीट तथा मुसाबनी के पाथरगोड़ा निवासी लखन चंद्र सोरेन उर्फ लक्की उर्फ मामा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं.
ग्रामीण एसपी ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री एवं तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

