सरायकेला: जिले के नीमडीह थाना अंतर्गत चांडिल स्टेशन बस्ती स्थित शिवपुरी कॉलोनी में जमीन-जायदाद और रुपये के विवाद को लेकर रविवार की सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. जहां घर में कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रही 67 वर्षीय सेवानिवृत्त एएनएम सुप्रिति मजूमदार पर उनके पोते बिक्की गोस्वामी ने कथित तौर पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल सुप्रिति मजूमदार की इलाज के दौरान जमशेदपुर के टीएमएच में मौत हो गई.



घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है. परिजनों के अनुसार, सुप्रिति मजूमदार घर में बैठकर अखबार पढ़ रही थीं. इसी दौरान उनका पोता बिक्की गोस्वामी वहां पहुंचा. जमीन- जायदाद और रुपये को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पोते ने लोहे के रॉड से उनकी सिर पर जोरदार वार कर दिया.
हमले में सुप्रिति मजूमदार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं. परिजन तत्काल उन्हें चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जमशेदपुर के टीएमएच रेफर कर दिया. टीएमएच में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

घटना के बाद आरोपी पोता मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है.
घटना के बाद शिवपुरी कॉलोनी में मातम और दहशत का माहौल है. पुलिस जमीन- जायदाद और रुपये के विवाद से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





