सरायकेला: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत 8 एवं 9 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा. शिविर सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलेगा. इस दौरान पात्र नागरिक फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 भरकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और स्थानांतरण से संबंधित आवेदन कर सकेंगे.



जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से विशेष शिविर में भाग लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि जिन भारतीय नागरिकों की आयु 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष या उससे अधिक हो जाएगी और जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है. वे फॉर्म-6 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं.
उपायुक्त ने बताया कि जिन मतदाताओं के परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं अथवा जो पूरे परिवार का नाम एक ही मतदान केंद्र पर दर्ज कराना चाहते हैं. वे फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. मतदाता विवरण या मतदान केंद्र में किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए भी फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि आवेदन बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के माध्यम से मतदान केंद्र पर जमा किए जा सकते हैं. इसके अलावा ECINET App तथा Voters Portal के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है. उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष शिविर का लाभ उठाएं और अन्य योग्य नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें.
साथ ही सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सेक्टर पदाधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को शिविर के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.





