जमशेदपुर: पोखारी स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय का चौथा दीक्षांत समारोह शुक्रवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ. समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विभिन्न संकायों के 1600 विद्यार्थियों को डिग्रियां और मेधावी छात्रों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान किए. इस समारोह में राज्यपाल ने अपने हाथों से 29 पीएचडी और 30 गोल्ड मेडलिस्टों को सम्मानित दिया.



कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ दीप प्रज्वलन से हुआ. इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया. समारोह में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं तथा मेधावी छात्रों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया.

अपने संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपनी शिक्षा और डिग्री का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें. उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया.
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू नई शिक्षा नीति की सराहना करते हुए कहा कि यह छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक है. उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहकर रोजगार सृजित करने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की.

उन्होंने निजी विश्वविद्यालयों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, नशामुक्त परिसर विकसित करने और शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि शिक्षित, सक्षम और जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत के सपने को साकार कर सकते हैं.
समारोह में कुलपति पीके पाणी, रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र- छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ.





