जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है. साइबर पुलिस ने फर्जी कस्टमर केयर बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी स्थित ओंगराडीह टोला में छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा. कार्रवाई के दौरान 11 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया गया है. वहीं, गिरोह का एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया.



साइबर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरबाज अंसारी, 20 वर्ष, शरीफ अंसारी, 20 वर्ष, इरफान अंसारी, 19 वर्ष और फरीद अंसारी, 19 वर्ष के रूप में हुई है. सभी आरोपी कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न कूरियर कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से संपर्क करते थे. शिकायत का समाधान करने के नाम पर वे लोगों को एक फर्जी APK फाइल भेजते थे. पीड़ित द्वारा APK फाइल मोबाइल में इंस्टॉल करते ही आरोपी मोबाइल की गोपनीय जानकारी तक पहुंच बना लेते थे. इसके बाद बैंक खातों से साइबर ठगी की जाती थी.
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ था. मामले में कर्माटांड़ साइबर थाना कांड संख्या 49/26, दिनांक 06 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
छापेमारी टीम में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक नितीश कुमार, मनीष कुमार गुप्ता, हीरालाल महतो सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल न करें. कस्टमर केयर के नाम पर किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी निजी, बैंकिंग या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





