चतरा: जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मो. इमरोज की हत्या के मामले में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पहल पर पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दो दारोगा और दो आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. मामले में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.



एसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार टंडवा थाना के एसआई सुनील सिंह, महिला एसआई दुलारी पूर्ति तथा आरक्षी दशरथ महतो और प्रदीप कुमार को निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि में चारों का मुख्यालय पुलिस केंद्र, चतरा निर्धारित किया गया है. साथ ही इनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश भी दिया गया है.
एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप को लेकर उग्र ग्रामीणों ने इमरोज और उसके पिता सुल्तान मियां के साथ मारपीट की थी. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच में यह सामने आया कि तैनात पुलिसकर्मियों ने दोनों को भीड़ से बचाने के लिए अपेक्षित और प्रभावी प्रयास नहीं किए.
घटना में घायल इमरोज को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. इसके बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे थे. मामले की जांच टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बड़वार को सौंपी गई थी, जिनकी अनुशंसा पर यह कार्रवाई की गई.
घटना को लेकर अल्पसंख्यक आयोग की टीम ने प्रभावित परिवार से मुलाक़ात कर न्याय का भरोसा दिलाया था. आयोग ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच में यदि किसी अन्य अधिकारी या कर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
इधर, पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई को न्याय की दिशा में पहला कदम बताते हुए घटना में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है.
एसपी ने कहा कि कानून- व्यवस्था बनाए रखना और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है. कर्तव्य निर्वहन में किसी भी स्तर की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि घटना में शामिल शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है.





