चाईबासा: गैर पंजीकृत कंपनी के नाम पर लोगों से कथित ठगी और धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त धनोज केराई के घर गुरुवार को सोनुआ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार चस्पा किया.



सोनुआ थाना के एसआई सिद्धेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नोवामुंडी थाना क्षेत्र के उईसिया मुंडासाईं स्थित आरोपी के आवास पर इश्तेहार चिपकाया. पुलिस के अनुसार, धनोज केराई (पिता- स्वर्गीय रासिका केराई) के खिलाफ सोनुआ थाना कांड संख्या 10/23, दिनांक 19 फरवरी 2023 दर्ज है. मामले में भारतीय न्याय संहिता लागू होने से पूर्व की भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 406, 420, 120बी, 467, 468 और 471 के तहत धोखाधड़ी एवं जालसाजी से संबंधित आरोप लगाए गए हैं.
पुलिस ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार है. इससे पहले भी एक अन्य मामले में नोवामुंडी थाना पुलिस उसके घर की कुर्की की कार्रवाई कर चुकी है. इस कार्रवाई के दौरान नोवामुंडी थाना के एएसआई तारकनाथ सिंह तथा पुलिस बल के जवान भी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





