सरायकेला: जिला समाहरणालय परिसर के आसपास की बदहाल सड़कें और जलजमाव एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं. जहां एक ओर स्वतंत्रता दिवस से पहले समाहरणालय भवन की रंगाई-पुताई और सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है, वहीं दूसरी ओर परिसर के पश्चिमी हिस्से की सड़क गड्ढों और जलभराव से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है.



समाहरणालय जिले का सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक केंद्र है, जहां उपायुक्त समेत सभी वरीय अधिकारी बैठते हैं. यही परिसर बैंक, जिला परिवहन कार्यालय, विभिन्न सरकारी विभागों और जनसेवा से जुड़े कार्यों के लिए प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की आवाजाही का केंद्र भी है. बावजूद इसके, परिसर तक पहुंचने वाली सड़क की स्थिति काफी खराब है. गड्ढों में भरे पानी से होकर लोगों को गुजरना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर मुरुम या डस्ट डालकर अस्थायी मरम्मत भी कर दी जाए, तो लोगों को काफी राहत मिल सकती है. उनका कहना है कि बाहर से आने वाले लोगों के सामने जिला मुख्यालय की ऐसी तस्वीर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है.
गौरतलब है कि 15 अगस्त को समाहरणालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होना है. ऐसे में लोगों का सवाल है कि क्या राष्ट्रीय पर्व से पहले जिला प्रशासन परिसर और उसके आसपास की मूलभूत समस्याओं का भी समाधान करेगा, या केवल रंग-रोगन तक ही तैयारियां सीमित रहेंगी.
स्थानीय नागरिकों ने उपायुक्त से स्वयं स्थल का निरीक्षण कर जल्द सड़क की मरम्मत, जलनिकासी की व्यवस्था और आवागमन सुगम बनाने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और जिला मुख्यालय की बेहतर छवि भी सामने आए.





