जामताड़ा: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, अनियमितता और सीटों की कथित खरीद-फरोख्त के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जामताड़ा इकाई ने गुरुवार को शहर में मशाल जुलूस निकाला. बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और परिषद कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लेते हुए निष्पक्ष जांच और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग की.



मशाल जुलूस मां चंचला चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सुभाष चौक पर समाप्त हुआ. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और हाथों में मशाल तथा तख्तियां लेकर पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई.
अभाविप के जिला संयोजक संजय मंडल ने कहा कि झारखंड के लाखों युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन भर्ती परीक्षाओं पर लगातार उठ रहे सवालों से अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कथित अनियमितताओं से योग्य युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है.
नगर मंत्री प्रकाश यादव ने कहा कि यदि किसी भी भर्ती परीक्षा में अनियमितता हुई है तो उसकी उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. वहीं देवघर-जामताड़ा विभाग प्रमुख चंदन रजक ने लंबित भर्तियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने और भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की. प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





