चाईबासा: झारखंड आंदोलनकारी मंच और आजसू पार्टी की संयुक्त विशेष बैठक बुधवार को गुदड़ी प्रखंड के लोढ़ाई हाट में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता झारखंड आंदोलनकारी मंच के जिला संयोजक बिरसा मुंडा ने की.



बैठक में आगामी 8 अगस्त को जमशेदपुर में आयोजित होने वाले निर्मल महतो शहीद दिवस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने का निर्णय लिया गया. तय किया गया कि गुदड़ी और गोईलकेरा क्षेत्र से हजारों लोग सुबह ट्रेन के माध्यम से जमशेदपुर के लिए रवाना होंगे और कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे.

इसके अलावा बैठक में 9 अगस्त को निश्चिन्तपुर मैदान में आयोजित विश्व आदिवासी दिवस समारोह में भी बड़ी संख्या में भाग लेने का निर्णय लिया गया. बैठक में कार्यक्रमों की तैयारी, लोगों की भागीदारी और यात्रा व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने अधिक से अधिक लोगों से दोनों कार्यक्रमों में शामिल होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





