चांडिल: सरायकेला- खरसावां पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ईचागढ़ थाना क्षेत्र से करीब 3 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी के पास से अफीम के अलावा इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोबाइल फोन, प्लास्टिक बैग और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है. मामले में एनडीपीएस एक्ट, 1985 की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.



पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि डुमटांड़ से पातकुम जाने वाले मार्ग पर अफीम की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. इसके बाद डुमटांड़ चौक से पातकुम जाने वाले मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया गया.
वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर धारीराम साव (48 वर्ष), पिता पदम लोचन साव, ग्राम बुकहातु, थाना ईचागढ़ को गिरफ्तार कर लिया. जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से करीब 3 किलोग्राम अफीम बरामद की गई. इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, वीवो कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल, पीले रंग का प्लास्टिक बैग तथा होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल (संख्या JH22K-6165) भी जब्त की गई.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर





