पटना: बिहार की सबसे चर्चित और हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतगणना के 18वें राउंड के बाद मुकाबला दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है. निर्वाचन आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा पर 10,436 मतों की बढ़त बना ली है. लगातार बढ़ते अंतर ने बिहार की राजनीति में हलचल तेज कर दी है और भाजपा के मजबूत गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर में सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं.



निर्वाचन आयोग के 18वें राउंड तक जारी आंकड़ों के अनुसार प्रशांत किशोर को 35,713 वोट, भाजपा के नीरज सिन्हा को 25,277 वोट तथा राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 9,316 वोट प्राप्त हुए हैं. ‘स्कूल बैग’ चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतरे प्रशांत किशोर लगातार अपनी बढ़त मजबूत करते जा रहे हैं, जबकि भाजपा दूसरे स्थान पर और राजद तीसरे स्थान पर बनी हुई है.
करीब 1.30 लाख मतों की गिनती वाले इस उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं, हालांकि वास्तविक मुकाबला जन सुराज, भाजपा और राजद के बीच ही सिमटा हुआ है. हर राउंड के साथ बढ़ती बढ़त ने इस चुनाव को केवल एक विधानसभा सीट की लड़ाई नहीं रहने दिया, बल्कि इसे बिहार की बदलती राजनीतिक दिशा का संकेत माना जाने लगा है.
बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है. ऐसे में यदि यह सीट भाजपा के हाथ से निकलती है तो इसे राज्य की राजनीति में बड़ा राजनीतिक झटका माना जाएगा. वहीं पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर के लिए यह प्रदर्शन उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता और जनसमर्थन का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है. हालांकि मतगणना अभी जारी है और अंतिम परिणाम आना बाकी है. ऐसे में तस्वीर बदलने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता.





