रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच ने सोमवार को नया मोड़ ले लिया. अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची, बोकारो, पलामू और हजारीबाग समेत चार जिलों के करीब 20 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है.



सूत्रों के अनुसार, CID की अलग-अलग टीमों ने तड़के से ही विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की. जांच एजेंसी पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी है.
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई JPSC परीक्षा में कथित धांधली, अनियमितताओं और चयन प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की जांच के तहत की जा रही है. पिछले कुछ दिनों में CID ने इस मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ाया है. अब तक इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनसे पूछताछ के आधार पर कई नए सुराग मिलने की बात सामने आ रही है.
जांच एजेंसी का फोकस अब परीक्षा प्रक्रिया में कथित रूप से शामिल पूरे नेटवर्क, दस्तावेजी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रेल पर है. बरामद सामग्री की फोरेंसिक जांच भी कराई जा सकती है.
CID अधिकारियों की ओर से फिलहाल छापेमारी को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है. कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामदगी और आगे की जांच को लेकर विस्तृत प्रेस ब्रीफिंग की संभावना है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





