रांची: राजधानी रांची में बुधवार को राजनीतिक हलचल उस समय और तेज हो गई, जब जेपीएससी मुख्यालय का घेराव के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय की ओर कूच कर गए. दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के घेराव के विरोध में भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया.



संभावित टकराव को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि कानून- व्यवस्था बनी रहे.
इस दौरान कांग्रेस कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में कुछ कार्यकर्ता हाथों में लाठियां लिए हुए दिखाई दिए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया. हालांकि, इन लाठियों के उपयोग या किसी झड़प की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है.

भारी बारिश के बावजूद भाजपा कार्यकर्ता अपने कार्यक्रम पर डटे रहे और कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. दूसरी ओर, पुलिस दोनों पक्षों के बीच किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना रोकने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए है.
समाचार लिखे जाने तक भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने थे. पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है. फिलहाल किसी बड़ी हिंसक घटना या गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.





