जामताड़ा: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार देर रात पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसे साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था. इसी दौरान जामताड़ा जिले में उसने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की और एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह मौके पर ही ढेर हो गया.



मिली जानकारी के अनुसार, सुजीत सिन्हा को कड़ी सुरक्षा के बीच कैदी वाहन से धनबाद ले जाया जा रहा था. जामताड़ा जिले की सीमा में पहुंचने पर उसने टॉयलेट जाने की बात कहकर वाहन रुकवाया. पुलिस जब उसे नीचे उतार रही थी, तभी उसने मौके का फायदा उठाकर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और भागने का प्रयास करते हुए फायरिंग कर दी.

अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम सतर्क हो गई. आत्मरक्षा और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. सुजीत सिन्हा झारखंड के सबसे कुख्यात अपराधियों में गिना जाता था. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग, अपहरण, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध से जुड़े कई संगीन मामले विभिन्न जिलों में दर्ज थे.

लंबे समय से वह पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और जेल में रहने के बावजूद उसके गैंग के सक्रिय होने के आरोप लगते रहे थे. घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया है. एफएसएल टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं. पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है. वहीं इस एनकाउंटर के बाद राज्यभर में सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है.





