बोकारो: जिले के चास प्रखंड अंतर्गत कुंबाटांड़ गांव में रविवार को धान की रोपाई के दौरान वज्रपात होने से तीन युवतियां घायल हो गईं. घटना के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को उपचार के लिए बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.


जानकारी के अनुसार आशा कुमारी, पूजा कुमारी और सोनाली कुमारी अपने खेत में धान की रोपाई कर रही थीं. इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया. तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली खेत के पास गिरी, जिसकी चपेट में तीनों युवतियां आ गईं. वज्रपात के बाद तीनों खेत में ही गिर पड़ीं, जिससे आसपास काम कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा तीनों को तत्काल बोकारो सदर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को भर्ती कर लिया. फिलहाल उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की लगातार नजर बनी हुई है.
घायल आशा कुमारी ने बताया कि वे सभी सामान्य रूप से खेत में धान रोप रही थीं. अचानक तेज आवाज हुई और ऐसा लगा जैसे शरीर में तेज करंट दौड़ गया. इसके बाद वह बेहोश हो गई. होश आने पर खुद को अस्पताल में पाया.
घटना के बाद ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में खेतों में काम करने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. वहीं प्रशासन ने भी लोगों से खराब मौसम, तेज गर्जना और बिजली चमकने के दौरान खुले खेतों या पेड़ों के नीचे नहीं रहने की सलाह दी है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

