रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलनरत छात्रों का आक्रोश रविवार को सड़कों पर दिखाई दिया. रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक छात्रों ने संदेश मशाल जुलूस निकाला. बड़ी संख्या में शामिल अभ्यर्थियों ने हाथों में मशाल लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई.


मशाल जुलूस के दौरान रांची की प्रमुख सड़कों पर छात्रों का हुजूम उमड़ पड़ा. आंदोलन में शामिल अभ्यर्थियों ने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद यदि भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं तो सबसे अधिक नुकसान मेहनतकश युवाओं का होता है. उनका कहना था कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
जुलूस के कारण राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा. जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम, मेन रोड, शहीद चौक और अल्बर्ट एक्का चौक के आसपास वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. कई स्थानों पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की और वैकल्पिक मार्गों से वाहनों का परिचालन कराया.
आंदोलनकारी छात्रों ने सरकार से मांग की कि JPSC और JSSC की विवादित परीक्षाओं की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए. यदि किसी भी स्तर पर पेपर लीक, धांधली या अनियमितता की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. साथ ही भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाते हुए योग्य अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए.
छात्रों का कहना है कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि अपने भविष्य और लाखों युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए है. उन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक पहल करने की अपील की, ताकि अभ्यर्थियों का भरोसा बहाल हो सके.

