बोकारो: गोमो- बरकाकाना रेलखंड के बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम एक दर्दनाक घटना में मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा- तफरी मच गई. सूचना मिलने के बाद रेलवे प्रशासन ने गोमिया जीआरपी को मामले की जानकारी दी. समाचार लिखे जाने तक जीआरपी घटनास्थल पर नहीं पहुंची थी.


प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर बैठा हुआ था. इसी दौरान वहां से गुजर रही एक मालगाड़ी के इंजन के समीप उसने अचानक छलांग लगा दी. मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. स्टेशन मास्टर ने तत्काल गोमिया जीआरपी को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई.
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. बताया गया कि युवक ने काले रंग की पैंट और कत्थई रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी. जीआरपी मृतक की शिनाख्त कराने के साथ-साथ घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटेगी.
रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक और प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की जोखिम भरी गतिविधि से बचें तथा किसी व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल रेलवे पुलिस या स्टेशन प्रशासन को सूचना दें.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

