जामताड़ा: श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) संग्रह मौर्य ने अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण कुमार प्रेम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जसीडीह, बैद्यनाथधाम, देवघर और बासुकीनाथ रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया. इस दौरान यात्री सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, रेल परिचालन और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई.


डीआरएम ने जसीडीह स्टेशन स्थित 24×7 एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर सीसीटीवी निगरानी, भीड़ नियंत्रण, यात्री सुविधाओं तथा रेलवे, आरपीएफ, जीआरपी और जिला प्रशासन के बीच समन्वय का जायजा लिया. उन्होंने ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मियों को सतर्कता, त्वरित सहायता, स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

समीक्षा बैठक में ट्रेन परिचालन, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सेवाएं, स्वच्छता और आपातकालीन तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई. रेल प्रशासन ने बताया कि श्रावणी मेले को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन, अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती, सहायता केंद्र, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, व्यापक सीसीटीवी निगरानी और अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
रेल प्रशासन ने श्रद्धालुओं से फुट ओवरब्रिज का उपयोग करने, रेलवे ट्रैक पार नहीं करने तथा सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

