जामताड़ा: सदर अस्पताल में प्रसूता रीना देवी की मौत के बाद दर्ज एफआईआर के विरोध में शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा ने जिला समाहरणालय का घेराव कर राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. सदर अस्पताल से निकली रैली समाहरणालय पहुंची, जहां आयोजित सभा में भाजपा नेताओं ने स्वास्थ्य व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, शिक्षा, सड़क और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार को घेरा.


सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद झारखंड विकास की दौड़ में पीछे है. उन्होंने अवैध खनन, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर निशाना साधा. साथ ही ‘वंदे मातरम्’ विवाद पर कहा कि यह देशभक्ति और स्वतंत्रता संग्राम की विरासत का प्रतीक है. कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, भाजपा नेता सीता सोरेन, जिलाध्यक्ष सुमित शरण सहित कई नेता मौजूद रहे.
वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा के प्रदर्शन को पूरी तरह फ्लॉप बताते हुए कहा कि अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिला. उन्होंने कहा कि जामताड़ा की जनता विकास की राजनीति के साथ है. मंत्री ने स्पष्ट किया कि सदर अस्पताल में हुई तोड़फोड़ के मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी राजनीतिक दबाव में जांच प्रभावित नहीं होगी. कार्यक्रम के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

