सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार चरमराती पेयजल व्यवस्था को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय तकनीकी जांच की मांग की है. उन्होंने जलापूर्ति संयंत्र (WTP) में चार महीनों के भीतर तीन बार मोटर जलने को गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई की मांग की है.


अध्यक्ष ने कहा कि तकनीकी सर्वेक्षण में 90 HP मोटर लगाने की अनुशंसा पहले ही की जा चुकी थी, लेकिन अब तक उस पर अमल नहीं हुआ. साथ ही मोटर की सुरक्षा के लिए रिले, ट्रिपिंग सिस्टम सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी नहीं लगाए गए, जिससे बार-बार मोटर जलने की घटनाएं हुईं और हजारों लोगों को पेयजल संकट झेलना पड़ा.
उन्होंने JUSCO अथवा JBVNL से डेडिकेटेड बिजली आपूर्ति की लंबित प्रक्रिया जल्द पूरी करने की भी मांग की. साथ ही कहा कि यदि जांच में विभागीय लापरवाही, तकनीकी अनियमितता या संवेदक की मिलीभगत सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. अध्यक्ष ने इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि मुख्य अभियंता, उपायुक्त, कार्यपालक अभियंता एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को भी भेजी है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

