जामताड़ा: ऐतिहासिक गांधी मैदान परिसर स्थित जामताड़ा क्लब में 2 अगस्त को चौथी झारखंड राज्य आर्मरेसलिंग (पंजा कुश्ती) प्रतियोगिता- 2026 का आयोजन किया जाएगा. प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इसमें राज्य के 12 जिलों से करीब 200 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.



आर्मरेसलिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड के महासचिव दीपक दुबे ने राज्य कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि एसोसिएशन के निर्देशानुसार जामताड़ा जिला आर्मरेसलिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है.
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन 2 से 4 अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर में आयोजित होने वाली 48वीं राष्ट्रीय आर्मरेसलिंग प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा. चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे.
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह करेंगे. इस मौके पर प्रतियोगिता का आधिकारिक पोस्टर भी जारी किया गया. पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में डॉ. भास्कर चांद, सूरज कुमार पासवान, राहुल सिंह, राहुल यादव, सोमनाथ दत्ता सहित एसोसिएशन के कई पदाधिकारी उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





