जामताड़ा: सीबीएसई द्वारा आयोजित संकुल स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा की टीम गुरुवार को बिहार के गया के लिए रवाना हुई. टीम में सोमनाथ दत्ता, रूपम दत्ता और केशव गोराईं शामिल हैं. खिलाड़ियों के साथ विद्यालय के क्रीड़ा शिक्षक अभिषेक दुबे भी मार्गदर्शन के लिए गए हैं.



यह प्रतियोगिता 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक दिल्ली पब्लिक स्कूल, गया में आयोजित होगी. प्रतियोगिता में झारखंड और बिहार के 90 से अधिक विद्यालयों की टीमें हिस्सा लेंगी.
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डीएवी जामताड़ा के विद्यार्थियों का प्रदर्शन पूर्व में भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट रहा है. उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जामताड़ा जिले का नाम रोशन करेंगे.
प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय में खिलाड़ियों को खेलों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं. क्रीड़ा शिक्षक अभिषेक दुबे के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को निखारने में मदद मिलती है.
उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों में मिलने वाले अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने और पूरे उत्साह व अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





