सरायकेला: जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत लैब टेक्नीशियन पद की बहाली प्रक्रिया पर सवाल खड़े होने लगे हैं. सरायकेला- खरसावां जिले के अभ्यर्थी मुकेश कुमार महतो ने संशोधित चयनित मेधा सूची से बिना सूचना एवं स्पष्ट कारण के अपना नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने उपायुक्त को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है.



आवेदन के अनुसार मुकेश कुमार महतो ने विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत एनएचएम में लैब टेक्नीशियन पद के लिए आवेदन किया था. उनका कहना है कि विभाग द्वारा जारी प्रारंभिक चयनित मेधा सूची में उनका नाम शामिल था. लेकिन बाद में प्रकाशित संशोधित चयनित मेधा सूची से बिना किसी स्पष्टीकरण के उनका नाम हटा दिया गया.
अभ्यर्थी ने बहाली प्रक्रिया पर कई सवाल उठाए हैं. उन्होंने पूछा है कि यदि उनका आवेदन नियमों के अनुरूप नहीं था तो उसे स्वीकार क्यों किया गया. यदि वे अयोग्य थे तो उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति क्यों दी गई. साथ ही प्रारंभिक चयनित मेधा सूची में उनका नाम किस आधार पर प्रकाशित किया गया. उनका कहना है कि पहले चयनित घोषित करना और बाद में बिना कारण नाम हटाना पूरी चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है.
मुकेश कुमार महतो ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, चयनित सूची से नाम हटाने का लिखित कारण उपलब्ध कराने तथा यदि किसी प्रकार की प्रशासनिक या लिपिकीय त्रुटि हुई है तो उसका नियमानुसार निराकरण कर न्याय दिलाने की मांग की है. आवेदन पर उपायुक्त कार्यालय से प्राप्ति रसीद भी जारी की गई है. अब इस मामले में जिला प्रशासन की कार्रवाई पर अभ्यर्थियों की नजरें टिकी हुई हैं.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





