सरायकेला: कपाली ओपी क्षेत्र से 8 वर्षीय मासूम बच्चे के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस भी बच्चे की तलाश में जुट गई है. परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि बच्चे के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल सूचना दें, ताकि उसे सकुशल घर वापस लाया जा सके.



लापता बच्चे की पहचान मोहम्मद अल्ताफ (8 वर्ष) के रूप में हुई है. वह अब्दुल नईम खान का पुत्र है और दीवान मैरेज हॉल के समीप, कपाली का निवासी है. परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6 बजे मोहम्मद अल्ताफ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा.
काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. परिजनों के अनुसार, देर तक खेलने के कारण उसकी मां ने उसे डांटा था. इसके कुछ समय बाद वह घर से निकल गया और फिर वापस नहीं लौटा. घटना के बाद से पूरा परिवार चिंतित है और लगातार उसकी तलाश कर रहा है.
मामले की सूचना कपाली ओपी पुलिस को भी दे दी गई है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में बच्चे की तलाश कर रही है और लोगों से सहयोग की अपील की है.
परिजनों ने आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि किसी को मोहम्मद अल्ताफ कहीं दिखाई दे या उसके संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत 9572938164 पर परिजनों से संपर्क करें या कपाली ओपी हेल्पलाइन 77799 99818 पर सूचना दें.
परिजनों ने लोगों से इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करने की अपील की है, ताकि मासूम जल्द से जल्द सकुशल अपने परिवार तक लौट सके.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक





