सरायकेला: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के जिला उपाध्यक्ष राहुल देव महतो के नेतृत्व में बुधवार को जिला कृषि पदाधिकारी, सरायकेला- खरसावां को ज्ञापन सौंपकर जिले में उर्वरक (खाद) की कथित कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई.



ज्ञापन में कहा गया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में किसानों को यूरिया और डीएपी खाद निर्धारित सरकारी मूल्य से अधिक कीमत पर बेची जा रही है. इससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और खेती की लागत बढ़ती जा रही है. संगठन ने आरोप लगाया कि कई उर्वरक विक्रेता सरकारी मूल्य सूची का पालन नहीं कर रहे हैं.
JLKM ने जिला प्रशासन से मांग की कि जिले की सभी उर्वरक दुकानों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया जाए. निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उनके लाइसेंस रद्द किए जाएं.
संगठन ने यह भी मांग की कि सभी पंजीकृत उर्वरक दुकानों के बाहर सरकारी दरों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए. साथ ही प्रत्येक दुकान पर संबंधित कृषि पदाधिकारी अथवा शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन एवं संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए, ताकि किसान किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग या अनियमितता की शिकायत तुरंत दर्ज करा सकें.
ज्ञापन में प्रशासन से किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई.
ज्ञापन सौंपने वालों में राहुल देव महतो, हरीश कुमार, आस्तिक महतो, मनसा, संजीत कुमार, पोल्टू महतो सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





