जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित लोको फाटक के पास मंगलवार देर रात रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (SSE) जुनैल केरकेट्टा (44) पर अज्ञात बदमाश ने चाकू- चापड़ से हमला कर मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लूट लिया. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना से रेलवे कर्मचारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है.


जानकारी के अनुसार, जुनैल केरकेट्टा नाइट ड्यूटी पूरी कर मेन यार्ड से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रेल पटरियों के समीप एक बदमाश ने उन्हें रोक लिया और चाकू से हमला कर दिया. हमले में उनके सिर पर चोट लगी. घटना मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे की बताई जा रही है.
घायल रेलकर्मी को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल रेफर किया गया.
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह पुलिस, रेल पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में छानबीन की. फिलहाल हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस लूट सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
घटना के बाद बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और यार्ड क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. कर्मचारियों का कहना है कि नाइट शिफ्ट में ड्यूटी करने वाले रेलकर्मियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाने चाहिए. उन्होंने यार्ड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा रात के समय पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती की मांग की है.

