सरायकेला: जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है. उपायुक्त के निर्देश पर सोमवार देर रात जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में खनन विभाग, अंचल प्रशासन और ईचागढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पातकुम क्षेत्र में सघन वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया. अभियान के दौरान तीन वाहनों को अनियमितता पाए जाने पर जब्त किया गया.



जांच के दौरान खनिज लदे सभी वाहनों के परिवहन चालान और खनिज की मात्रा का सत्यापन किया गया. पातकुम चौक के समीप पत्थर लदे हाइवा (JH05CF0396) में परिवहन चालान में दर्ज मात्रा से अधिक खनिज परिवहन करते हुए पाया गया. वहीं दो ट्रैक्टर बिना वैध परिवहन चालान के बालू का परिवहन करते पकड़े गए.
खनन विभाग ने तीनों वाहनों को जब्त कर ईचागढ़ थाना में सुरक्षित रखा है. मामले में खनन अधिनियम और अन्य प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण और अवैध परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में आगे भी लगातार संयुक्त अभियान चलाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.





