जामताड़ा: मुख्यमंत्री उत्कृष्ट जेबीसी प्लस टू उच्च विद्यालय, जामताड़ा में सोमवार को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) का गठन मतदान के माध्यम से किया गया. चुनाव को लेकर अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल रहा. निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया, जिसमें अभिभावकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया.



अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे. मतगणना में तेमुन खातून को सर्वाधिक पांच मत प्राप्त हुए, जिसके आधार पर उन्हें विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया. नीतू बरनवाल को चार मत मिले, जबकि संजीव कुमार पाल, वासुदेव मंडल एवं संजय कुमार यादव को तीन-तीन मत प्राप्त हुए.
उपाध्यक्ष पद के लिए अभय बरनवाल एवं जिया कुमार महतो के बीच सीधा मुकाबला हुआ. मतगणना में जिया कुमार महतो को नौ मत प्राप्त हुए, जबकि अभय बरनवाल को सात मत मिले. इसके साथ ही जिया कुमार महतो विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए.
पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई. चुनाव कार्य का पर्यवेक्षण मलय कुमार माझी ने किया, जबकि विद्यालय के प्रधानाध्यापक एबीमाइल टुडू की देखरेख में सभी प्रक्रियाएं पूरी की गईं. इस अवसर पर नगर पंचायत के वार्ड पार्षद उत्तम रवानी एवं पूनम देवी भी उपस्थित रहे और उन्होंने चुनाव प्रक्रिया का अवलोकन किया.
चुनाव के दौरान विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे. नवनिर्वाचित अध्यक्ष तेमुन खातून एवं उपाध्यक्ष जिया कुमार महतो को उपस्थित लोगों ने बधाई दी. साथ ही विद्यालय के शैक्षणिक एवं विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई. विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन के बाद विद्यालय के विकास, विद्यार्थियों के हितों की रक्षा तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





