राजनगर: प्रखंड के प्रमुख पंचायत अंतर्गत तुमुंग गांव में पंचायत समिति मद से स्वीकृत दो जनहितकारी योजनाओं का शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया. पंचायत समिति सदस्य अनीता महतो ने नारियल फोड़कर दोनों योजनाओं का विधिवत शुभारंभ किया.


पहली योजना के तहत तुमुंग गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में 2.50 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक एवं टाइल्स बिछाने का कार्य कराया जाएगा. योजना पूरी होने के बाद मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण होगा और श्रद्धालुओं के साथ-साथ ग्रामीणों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी.

वहीं दूसरी योजना के अंतर्गत तुमुंग टोला के बूढ़ी बेड़ा में 2.11 लाख रुपये की लागत से स्नान घाट का निर्माण कराया जाएगा. इस योजना से ग्रामीणों को दैनिक उपयोग के अलावा धार्मिक एवं सांस्कृतिक अवसरों पर सुरक्षित और सुविधाजनक स्नान घाट की सुविधा उपलब्ध होगी.
भूमि पूजन कार्यक्रम में ग्राम प्रधान तपन महतो, पूर्व मुखिया रघुनाथ मुर्मू, ग्राम पुजारी रघुनाथ महतो, दीपक महतो, प्रकाश महतो, बन बिहारी महतो, सुनील महतो, अरुण महतो, सनोज कुमार महतो, सृष्टि पद महतो, विपिन बिहारी महतो, पवन महतो, वार्ड सदस्य प्रतिमा महतो, सविता महतो, बुला रानी महतो, बेबी महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य अनीता महतो ने कहा कि तुमुंग गांव का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग और विश्वास से क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा तथा भविष्य में भी जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा जाएगा. उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के पूरा होने से गांव की बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और लोगों को सीधा लाभ मिलेगा.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





