चांडिल: एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) पार्टी के बैनर तले सोमवार को कार्यकर्ताओं ने अनुमंडल पदाधिकारी की अनुपस्थिति में चांडिल एसडीओ कार्यालय के बड़ा बाबू को दो सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में नवनिर्मित अनुमंडलीय अस्पताल को अविलंब चालू करने तथा कुकड़ू प्रखंड में ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की मांग की गई.



पार्टी के अनुमंडल सचिव अनंत कुमार महतो ने कहा कि उनकी पार्टी कई वर्षों से चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल को शुरू कराने और कुकड़ू में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की मांग उठाती रही है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 से निर्माणाधीन अनुमंडलीय अस्पताल का भवन अब पूरी तरह तैयार है, लेकिन अब तक उसका संचालन शुरू नहीं किया गया है.

उन्होंने कहा कि पहले भवन तैयार होने के बाद भी अस्पताल शुरू नहीं किया गया, जिससे भवन जर्जर हो गया था. बाद में उसकी मरम्मत कर दोबारा तैयार किया गया है. उन्होंने आशंका जताई कि यदि अब भी अस्पताल चालू नहीं हुआ तो भवन फिर से जर्जर हो सकता है. उन्होंने आम लोगों से अस्पताल शुरू कराने के लिए आंदोलन में शामिल होने की अपील की.
अनंत कुमार महतो ने बताया कि पार्टी के आंदोलन के दबाव में पिछले वर्ष जिला चिकित्सा पदाधिकारी ने कुकड़ू में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है. ज्ञापन सौंपने के दौरान आशुदेव महतो, भुजंग मछुआ, धीरेन गोड, विशेश्वर महतो, राजा प्रामाणिक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.





