रांची: पुलिस ने टीपीसी संगठन के नाम पर रंगदारी मांगने वाले दो उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामला ओरमांझी थाना क्षेत्र का है, जहां एक व्यवसायी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ईरबा गोलचक्कर के पास छापेमारी की. इस दौरान संदिग्ध स्थिति में खड़े दो आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समरित गंझू उर्फ मलिंगा और सोनू उरांव उर्फ सन्नी के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान इनके पास से देशी कट्टा, मैगजीन, मोबाइल फोन, सिम कार्ड समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे टीपीसी के नाम पर रांची के अलावा हजारीबाग, रामगढ़ और चतरा जिले के व्यवसायियों से धमकी देकर लेवी वसूलते थे.
पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं.

