खूंटी: गौ संरक्षण एवं गौवंश के सम्मान को लेकर चलाए जा रहे ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत सोमवार को खूंटी में सैकड़ों लोगों ने पदयात्रा निकालकर गौ संरक्षण के प्रति जनजागरण का संदेश दिया. निचले चौक से उपायुक्त कार्यालय तक निकाली गई इस पदयात्रा में युवाओं, मातृशक्ति और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया. पदयात्रा के बाद उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया.


कार्यक्रम का नेतृत्व बजरंग दल खूंटी जिला सह संयोजक कर्मवीर महतो एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) रांची विभाग के गौरक्षा संयोजक सुनील साहू ने किया. दोनों नेताओं ने कहा कि यह अभियान किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि पूरे हिंदू समाज का जनआंदोलन है, जिसका उद्देश्य गौमाता के संरक्षण, सम्मान और संवर्धन के प्रति समाज को जागरूक करना तथा सरकार का ध्यान इस दिशा में आकर्षित करना है.
ज्ञापन में गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, पूरे देश में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा गौ संरक्षण से जुड़े कानूनों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई. साथ ही गौवंश की सुरक्षा के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाने का आग्रह किया गया.

कर्मवीर महतो ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं. उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है.
वहीं, सुनील साहू ने कहा कि गौवंश की रक्षा प्रत्येक सनातनी का नैतिक दायित्व है. उन्होंने सरकार से गौ तस्करी और गौहत्या पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा गौ संरक्षण को राष्ट्रीय प्राथमिकता के रूप में लागू करने की मांग की. उन्होंने लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया.
इस अवसर पर अभिषेक कुमार, संजय गुप्ता, विशाल साहू, पवन सिंह, शिवम सिंह, मनोरंजन स्वांशी, निलॉय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति मौजूद रही.

