सिमडेगा: पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर सिमडेगा और गुमला जिले के पांच गृहभेदन कांडों का खुलासा किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, चोरी में प्रयुक्त पल्सर बाइक, नकदी, मोबाइल फोन, औजार और बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया है.



पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने प्रेस वार्ता में बताया कि हरिजन टोली निवासी राहुल कुमार सिंह के घर में हुई चोरी के मामले में सिमडेगा थाना में कांड दर्ज किया गया था. तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चोरी का सामान लेकर छिपे हुए हैं. इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर तपकरा थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई, जहां से अनिकेत टोप्पो और सैफ अली को गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने सिमडेगा के ठाकुरटोली, सलडेगा-बराबरपानी राशन दुकान तथा गुमला जिले के करूंडी, फसिया और आनंद नगर में हुई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. इस कार्रवाई से कुल पांच चोरी के मामलों का सफल उद्भेदन हुआ है.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 150 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग एक किलोग्राम चांदी के जेवरात, नकदी, पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, रॉड, पेचकस, हथौड़ा, प्लास, छैनी, हेक्सा ब्लेड, टॉर्च, फेस मास्क और ग्लव्स बरामद किए हैं. इसके अलावा राशन दुकान से चोरी किए गए सरसों तेल, खाद्य सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी जब्त की गई हैं.
एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. इनके खिलाफ झारखंड और छत्तीसगढ़ के विभिन्न थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और दूसरे जिलों में हुई चोरी की वारदातों से इनके संबंधों की भी जांच कर रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





