रोहतास: जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान में हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया. अपराधियों ने बिक्रमगंज बाजार स्थित हीरा आभूषण भंडार में घुसकर हथियार के बल पर लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.



जानकारी के अनुसार, पांच की संख्या में आए अपराधी हेलमेट पहने हुए थे और अधिकांश ने अपना चेहरा ढक रखा था. सभी हथियार लेकर दुकान के अंदर घुसे और दुकानदार प्रणीत कुमार को हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद दुकान में रखे आभूषण समेटकर फरार हो गए.
दुकानदार प्रणीत कुमार ने बताया कि अपराधियों ने हथियार के बल पर उन्हें डराया-धमकाया, इसलिए उन्होंने किसी तरह का विरोध नहीं किया. घटना के समय दुकान में एक स्टाफ और एक कारीगर भी मौजूद था. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी पैदल ही दुकान से बाहर निकल गए.
घटना की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि पांच अपराधी दुकान के अंदर थे, जबकि कुछ अन्य अपराधियों के बाहर मौजूद होने की भी आशंका है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
लूटे गए आभूषणों की कीमत को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है. पुलिस प्रारंभिक तौर पर करीब 10 लाख रुपये के आभूषण लूटे जाने की बात कह रही है, जबकि दुकानदार का दावा है कि 30 से 35 लाख रुपये के आभूषण अपराधी लूटकर ले गए. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





