बोकारो: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद बोकारो में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार किया. सेक्टर-4 स्थित गांधी चौक के समीप जिला कांग्रेस कमेटी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर जश्न मनाया. इससे पहले कांग्रेस की ओर से धरना-प्रदर्शन और कैंडल मार्च भी निकाला गया था.



जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहरलाल महथा ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का आंदोलन पूरे देश में जनआंदोलन का रूप ले चुका था. उन्होंने दावा किया कि इसी जनदबाव के कारण केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा. उन्होंने इसे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, देश के छात्रों और युवाओं की जीत बताया.
जवाहरलाल महथा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा हमेशा यह कहती रही है कि उसकी सरकार में इस्तीफा देने की परंपरा नहीं है. लेकिन जब जनता और युवाओं का दबाव बढ़ता है तो सरकार को झुकना पड़ता है. उन्होंने कहा कि इससे पहले किसान आंदोलन के दौरान भी केंद्र सरकार को अपने फैसले वापस लेने पड़े थे और अब छात्रों के आंदोलन के सामने भी सरकार को झुकना पड़ा.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन युवाओं के अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी छात्र हितों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





