पाकुड़: जिले के महेशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विजय कुमार के सरकारी आवास पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 5.5 फीट लंबा जहरीला स्पेक्टेकल्ड कोबरा (भारतीय नाग) मुख्य दरवाजे से घर के अंदर घुसने का प्रयास करने लगा. समय रहते पालतू कुत्ते की सतर्कता से परिवार को खतरे का आभास हो गया और एक बड़ा हादसा टल गया.



जानकारी के अनुसार, सबसे पहले SDPO के वफादार पालतू कुत्ते ने सांप को देखा. इसके बाद वह लगातार भौंकने लगा, जिससे घर के सभी सदस्य सतर्क हो गए. कुत्ते की चेतावनी के कारण परिवार के लोग सुरक्षित स्थान पर चले गए और तत्काल वन्यजीव रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही वन्यजीव रक्षक (स्नेक रेस्क्यूअर) अशरफुल शेख मौके पर पहुंचे. उन्होंने बेहद सावधानी और सूझबूझ के साथ करीब 5.5 फीट लंबे स्पेक्टेकल्ड कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया. रेस्क्यू के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया.
रेस्क्यूअर अशरफुल शेख ने लोगों से अपील की कि यदि घर या आसपास कहीं सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने का प्रयास करें. इसकी सूचना तुरंत प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यूअर या वन विभाग को दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया जा सके.





