चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत सारंडियापोस के पास शुक्रवार सुबह नाले में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सारंडियापोस गांव निवासी कानुराम टोपनो के रूप में हुई है. शव नाले के पानी में पेट के बल पड़ा मिला.



घटना की सूचना मिलने के बाद सोनुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
परिजनों ने बताया कि कानुराम टोपनो बुधवार शाम भारी बारिश के बाद मछली पकड़ने के लिए नाले में गए थे. इसके बाद से वह लापता थे. परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे. शुक्रवार सुबह उनका शव नाले में मिलने की सूचना मिली.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत पानी में डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





